ससुराल की प्रताड़ना से तंग विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान

ससुराल की प्रताड़ना से तंग विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान

- मायके वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने का लगाया आरोप, कार्रवाई की मांग मीरजापुर, 30 दिसम्बर (हि.स.)। ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर कटरा कोतवाली क्षेत्र के भटवा की पोखरी मोहल्ला स्थित मायके में विवाहिता ने शुक्रवार की देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। कटरा कोतवाली क्षेत्र के भटवा पोखरी मोहल्ला निवासी आनंद कुमार पांडेय ने अपनी पुत्री साक्षी (21) की शादी तीन वर्ष पूर्व 2020 में देहात कोतवाली क्षेत्र के लेडू गांव निवासी विनायक दर्शन तिवारी से की थी। इन दिनों साक्षी अपने मायके में आकर रह रही थी। शुक्रवार की देर रात साक्षी ने कमरे फांसी लगाकर जान दे दी। साक्षी के पिता आनंद ने कटरा कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि शादी और गौना में लगभग 10 से 12 लाख रुपये खर्च किया था। दहेज के रूप में पांच लाख रुपये नकद दिया था। ससुराल वाले पुत्री को मारते-पीटते थे। 20 नवंबर को पुत्री को मारापीटा और उसके आभूषण लेकर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद पुत्री मायके आई। ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। उसे जलाकर मारने की धमकी दे रहे थे। ससुराल वालों ने 29 नवंबर की दोपहर भी फोन कर दहेज न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद पुत्री ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रभारी निरीक्षक अजय सेठ ने बताया कि विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके वालों ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Skip to content