त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

नारनौल (हिंस)। भाजपा सह प्रभारी एवं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने शनिवार को अंबेडकर भवन महेंद्गढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा सहित अनेकों भाजपा नेता मौजूद रहे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि इस बार ज्यादा से ज्यादा मतदान कराए। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में हर कार्य योग्यता और पारदर्शिता से किया गया है। बिना भेदभाव के विकास करवाया गया है। जबकि कांग्रेस के कार्यकाल में गरीब व्यक्ति को भूमि और गहने बेचकर नौकरी मिलती थी। लेकिन भाजपा शासन काल में योग्यता के आधार पर गरीब से गरीब व्यक्ति का बच्चा अधिकारी लगा है। इसके अलावा किसान के खाते में सीधा पैसा डाला गया है। मुआवजा व बीमा दिया गया है। सरकार ने आयुष्मान कार्ड, हैप्पी कार्ड, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना आदि से हर वर्ग को लाभान्वित किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे घर-घर जाकर प्रत्येक वोटर को सरकार द्वारा किए गए कार्यों को बताएं। एक-एक वोटर से कमल के निशान पर मोहर लगाने की अपील करें। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी कंवर सिंह यादव के पक्ष में ज्यादा से ज्यादा मतदान कर उन्हें जिताने की अपील की। उन्होंने स्थानीय कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वो दागी है । उनकी गिरफ्तारी भी तय है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस में दम है तो भूपेंद्र हुड्डा को चुनाव में सीएम प्रोजेक्ट करे। लेकिन वो ऐसा नही करेंगे क्योंकि उन्हें पता है हरियाणा में कांग्रेस साफ हो जाएगी। पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनके मन में कमल है, उनके तन में कमल है, उनके जीवन में कमल है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब हेलिकॉप्टर से महेंद्रढ़ के कॉलेज ग्राउंड पर पहुंचे। यहां पर पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा व भाजपा प्रत्याशी कंवर सिंह यादव सहित उपस्थित सभी भाजपा नेताओं ने उनका फूल मालाओं व बुके देकर स्वागत किया ।

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
Skip to content