
गुवाहाटी (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने राज्य के सैटेलाइट प्रोजेक्ट पर सवाल उठाने के लिए कांग्रेस की कड़ी आलोचना की और इसे तकनीकी समझ की कमी करार दिया। राजधानी के धारापुर में आयोजित विष्णु यज्ञ में भाग लेने पहुंचे मुख्यमंत्री गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सैटेलाइट बनाने के लिए भूमि की आवश्यकता नहीं होती। कांग्रेस बिना तकनीकी समझ के बयान दे रही है। हम इसी बीच इसपर इसरो से चर्चा कर चुके हैं। अगर एक टीवी चैनल के पास अपना सैटेलाइट हो सकता है, तो राज्य सरकार के पास क्यों नहीं हो सकता ? अगर कांग्रेस को यह समझ नहीं आता, तो वे राज्य चलाने की उम्मीद कैसे कर सकते हैं? शर्मा ने जोर देकर कहा कि भारत के पास 300 से अधिक सैटेलाइट हैं और असम भी मोदी सरकार से एक सैटेलाइट की मांग कर सकता है ताकि राज्य के विकास में इसका उपयोग हो सके। मुख्यमंत्री की यह प्रतिक्रिया असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा की उस टिप्पणी के बाद दी, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य सरकार के सैटेलाइट प्रोजेक्ट को मात्र राजनीतिक प्रचार बताया और उसकी व्यवहार्यता व भूमि की आवश्यकता पर सवाल उठाए। इसके अलावा, मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की आगामी पूर्वोत्तर यात्रा का भी जिक्र किया, जिसमें गृहमंत्री लाचित बरफूकन पुलिस अकादमी की नई इमारत का उद्घाटन करेंगे और कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अमित शाह दौल उत्सव के अवसर पर बरपेटा और बटवा का दौरा करेंगे। उन्होंने लोगों को शुभकामनाएं देते हुए इस उत्सव के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री ने विपक्ष की आलोचनाओं के बावजूद राज्य की तकनीकी प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि असम के विकास को बिना जानकारी वाले बयानों से बाधित नहीं होने दिया जाएगा।
