
गुवाहाटी (हिंस ) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), असम प्रदेश ने जनसंघ युग के दिग्गज नेता, पूर्व भाजपा प्रदेश सांगठनिक महासचिव और पार्टी के पूर्व उपाध्यक्ष हरेकृष्ण भराली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। वे लंबे समय से बीमार थे और उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांसें लीं। वे अपनी पत्नी, बेटी, पुत्र, परिजनों और असंख्य प्रशंसकों को छोड़कर चले गए। भाजपा प्रवक्ता किशोर उपाध्याय ने कहा कि पार्टी उनके अमूल्य योगदान को हमेशा याद रखेगी। आज अटल बिहारी वाजपेयी भवन में भराली के पार्थिव शरीर को अंतिम श्रद्धांजलि दी गई, जहां असम भाजपा के 65 लाख कार्यकर्ताओं की ओर से प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भराली सभी कार्यकर्ताओं के लिए आदर्श और प्रेरणास्रोत थे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक के रूप में उन्होंने अपने जीवन को राष्ट्रवाद के लिए समर्पित कर दिया। श्रद्धांजलि सभा में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नारायण बरकटकी और रंजीत कुमार दास, मंत्री अशोक सिंघल (असम सरकार और मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में), सांगठनिक महासचिव आर रविंद्र राजू और पल्लब लोचन दास, वरिष्ठ नेता तपन चौधरी, प्रदीप ठाकुरिया, विजय कुमार गुप्ता, तीर्थंकर दास कलिता और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के निर्मलेन्दु डे सहित कई विधायक और हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि सन् 1949 में हाजो में जन्मे हरेकृष्ण भराली ने 1964, 1965 और 1967 में आरएसएस का प्रशिक्षण पूरा किया।
