
गुवाहाटी ( हिंस) । असम राजभवन द्वारा आज अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कृष्णकांत हैंडिक स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी सभागार में आयोजित हुआ, जिसकी राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल आचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व में विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवसों का उत्सव एक भारत, श्रेष्ठ भारत पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने इस ऐतिहासिक पहल को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का प्रमाण बताया और कहा कि यह विभिन्न राज्यों के बीच आपसी सहयोग, सौहार्द्र और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने का आधार है। उन्होंने कहा कि राज्यों के स्थापना दिवस का उत्सव नागरिकों को अन्य राज्यों की विविध परंपराओं, भाषाओं, लोक कलाओं, विरासत और ऐतिहासिक योगदान को समझने का अवसर प्रदान करता है, जिससे संवाद और सहयोग को बल मिलता है। राज्यपाल ने कहा कि भारत विविधता में एकता का जीवंत उदाहरण है। प्रत्येक राज्य की अपनी विशिष्ट पहचान, भाषा, कला, संस्कृति और परंपराएं हैं और यही विविधता भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि विविधता में एकता भारत की पहचान है और यही उसे विश्व में विशिष्ट बनाती है। उन्होंने आगे कहा कि यह आयोजन हमें यह स्मरण कराता है कि देश के नागरिक चाहे किसी भी राज्य के हों, वे सभी एक राष्ट्र का अभिन्न अंग हैं।
