
नई दिल्ली। डब्ल्यूपीएल में टारगेट 168 हो और 82 रन पर टॉप-4 बैटर आउट हो जाएं। रनरेट का दबाव बढ़ता जा रहा हो। ऐसे में किसी भी टीम के लिए जीतना आसान नहीं होता है लेकिन मुंबई इंडियंस महिला टीम ने यह कारनामा कर दिखाया। टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर (50) और अमनजीत कौर (34 रन, 3 विकेट) की बदौलत हारी बाजी पलट दी और मुंबई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू वुमन के खिलाफ एक गेंद बाकी रहते हुए जीत मिली। मुंबई इंडियंस वुमन डब्ल्यूपीएल के पॉइंट टेबल में दूसरे नंबर पर आ गई है। आरसीबी वुमन, मुंबई से हारकर भी पहले नंबर पर बनी हुई है। महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में शुक्रवार को मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का मुकाबला हुआ। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 167 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 19.5 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन बनाकर इस सीजन की दूसरी जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। एक समय उसका स्कोर चार विकेट पर 57 रन था। इसके बाद एलिस पेरी ने 43 गेंदों में 11 चौकों और दो छक्कों की मदद से 81 रन बनाए। ऋचा घोष (28) और कप्तान स्मृति मंधाना (26) ने भी शानदार पारियां खेलीं। मीडियम पेसर अमनजोत मुंबई इंडियंस की सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 22 रन देकर तीन विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस ने भी यास्तिका भाटिया (8) का विकेट जल्दी गंवा दिया। उनकी जगह उतरी नेट सिवर ब्रंट (21 गेंद पर 42 रन) ने काउंटर अटैककर टीम को संभाला। उन्होंने ओपनर हेली मैथ्यूज (15) के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी करके पावरप्ले में मुंबई का स्कोर 66 रन पर पहुंचाया।
