हेमंत सरकार में जल जीवन मिशन के पैसे की बर्बादी भ्रष्टाचार की अति और अन्याय की पराकाष्ठा : शिवराज

रांची (हिंस)। केंद्रीय मंत्री सह झारखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के राजनीतिक गिद्ध वाले बयान पर तंज कसते हुए कहा कि हम इस तरह की भाषा नहीं बोलते लेकिन सत्ताधारी दल के लोग झारखंड को चील कौवे की तरह नोंच-नोंच कर खा रहे हैं। जल जीवन मिशन के पैसे को बर्बाद कर दिया गया । यह भ्रष्टाचार की अति है और अन्याय की पराकाष्ठा है। यहां सत्ताधारी दल के लोगों के पास से नोटों के पहाड़ बरामद हो रहे हैं। वह मंगलवार को रांची एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। शिवराज ने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी है कि कोई सुरक्षित नहीं है। रेत, बालू से लेकर खनिज तक में भ्रष्टाचार है। जल जीवन मिशन का पैसा पूरा बर्बाद कर दिया। प्रधानमंत्री ने हर घर जल नल योजना के लिए पैसा भेजा, एक गांव में भी पैसा नहीं पहुंचा। आखिर ये पैसा कहां गया ? शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पांच साल तक सरकार ने एक भी नौकरी नहीं दी और अब चुनाव के समय 10- 10 किलोमीटर तक दौड़ा रहे हैं। युवाओं की जान जा रही है। डेमोग्राफी चेंज होना भयावह है। इसलिए झारखंड को बचाना भाजपा का कर्तव्य है। पांच साल में एक भी वादा पूरा नहीं किया गया। दो हजार रुपए चूल्हा खर्च देने का वादा किया था, अब चुनाव के समय केवल एक हजार रुपए पकड़ाकर जाल बिछा रहे हैं। हम इसे उजागर करेंगे। इस सरकार को भाजपा उखाड़ कर फेंकेगी।

हेमंत सरकार में जल जीवन मिशन के पैसे की बर्बादी भ्रष्टाचार की अति और अन्याय की पराकाष्ठा : शिवराज
Skip to content