सरकार की वायदाखिलाफी से खफा नगर परिषद कर्मचारियों ने शुरू की भूख हड़ताल

सरकार की वायदाखिलाफी से खफा नगर परिषद कर्मचारियों ने शुरू की भूख हड़ताल

फतेहाबाद ( हिंस) । अपनी मांगों को लेकर एक बार फिर नगरपालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर नगरपरिषद कर्मचारियों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। सोमवार से फतेहाबाद नगरपरिषद में कर्मचारियों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। आज पहले दिन 11 कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठे और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मानी गई मांगों को तुरंत लागू करने की मांग की। आज के प्रदर्शन की अध्यक्षता कर्मचारी नेता सत्यवान टांक ने की। आज पहले दिन भूख हड़ताल पर बैठने वालों में सत्यवान टांक, सतपाल परिहार, जगदीश, रणधीर, शम्मी, कर्मवीर, कुलदीप, बलवंत, भूरा राम, शायराज, महेंद्र सिंह फायर मैन शामिल हुए । कर्मचारी नेताओं ने इन्हें माला पहनाकर भूख हड़ताल शुरू करवाई। धरने को संबोधित करते हुए नगरपालिका कर्मचारी संघ फतेहाबाद के इकाई प्रधा नरेश राणा व राज्य वरिष्ठ उपप्रधान रमेश तुषामड ने बताया कि निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता व मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव वी. उमा शंकर की अध्यक्षता में 29 अक्टूबर 2022 व 5 अप्रैल 2023 को दो दौर की बातचीत हुई थी। इस बातचीत में नगरपालिका कर्मचारी संघ द्वारा कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, पुरानी पेंशन बहाल करने, 8 फरवरी 2023 के पत्र के अनुसार सफाई कर्मचारी, सीवरमैन को नियमित भर्ती प्रक्रिया से नियमित करने क्षेत्रफल की आबादी अनुसार नए पद सृजित करने सहित अनेक मांगों पर सहमति बनी थी लेकिन इतना लंबा समय बीत जाने के बावजूद प्रदेश सरकार द्वारा मानी गई मांगों को लागू नहीं किया गया है। इससे प्रदेशभर के नगरपालिका कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की वायदाखिलाफी और हठधर्मिता से कर्मचारी वर्ग में भारी निराशा है। कर्मचारियों की मांगों को मानेन की बजाय प्रदेश सरकार ने गुरुग्राम में 3480 तथा अन्य नगर परिषद, नगर निगम व अग्निशमन के 5000 से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से बाहर कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार की वायदाखिलाफी और हठधर्मिता के खिलाफ नगरपालिका कर्मचारी संघ द्वारा 4 से 6 दिसंबर तक लगातार तीन दिन प्रदेशभर में 24-24 घंटे की भूख हड़ताल करने का फैसला लिया गया है । इसके बाद भी सरकार ने मानी गई मांगों को लागू नहीं किया तो कर्मचारी आंदोलन को तेज करने पर मजबूर होंगे।

Skip to content