
इंफाल (हि.स.) । इंफाल ईस्ट में एक पहाड़ी की चोटी पर मौजूद उग्रवादियों ने कोंगबा मारू लाइफाम (मंदिर) पर कई राउंड गोलियां चलाई, जिससे वहां पुजारी और श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। शुक्रवार को इंफाल ईस्ट में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने कोंगबा मारू लाइफाम (मंदिर) को निशाना बनाकर गोलीबारी की। यह मंदिर मैतेई समुदाय का है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:25 बजे पहाड़ी की चोटी पर मौजूद उग्रवादियों ने मंदिर पर कई राउंड गोलियां चलाईं, जहां श्रद्धालु और पुजारी पारंपरिक अनुष्ठान कर रहे थे । इस फायरिंग में किसी के घायल होने की खबर नहीं है । इस हमले के बाद इंफाल ईस्ट के परिधीय इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उग्रवादियों ने सात राउंड फायरिंग की गई है। इसके बाद मंदिर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई। राज्यपाल की इस पहल के बीच मंदिर पर फायरिंग की घटना से स्थानीय लोग चिंतित हैं। इस घटना के बाद आसपास के कई गांवों के लोगों में आक्रोश है। राज्य में शांति के बहाली के लिए राज्यपाल अजय कुमार भल्ला की लोगों से अपनेअवैध व लूटे गए हथियारों को सरेंडर करने की अपील की गई है। इसके जवाब में मैतेई समूह अरम्बाई टेंगोल ने 246 हथियार जिला प्रशासन को सौंप दिए हैं। स्थानीय निवासियों ने राज्यपाल भल्ला से इस संबंध में तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया है। इन लोगों ने प्रशासन से आसपास की पहाड़ियों पर स्थित उग्रवादियों के बंकरों को हटाने की मांग की है। इनका दावा है कि यह बंकर निचले इलाकों के समुदायों के लिए खतरा हैं। वहीं मणिपुर में भारत-म्यांमार सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बल व्यापक अभियान चला रहे हैं। इस अभियान के दौरान चुराचांदपुर जिले के चुराचांदपुर थाना क्षेत्र के सांगपी और पियर्सनमुम गांवों तथा चुराचांदपुर वन क्षेत्र से भारी मात्रा में हथियार और सुरक्षा उपकरण बरामद किए गए हैं । पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि बरामद सामग्री में एक एक्स-कैलिबर बंदूक, एक एक्स- कैलिबर के साथ एक खाली मैगजीन, एक देशी मोर्टार ( पंपी), चार छोटे आकार के मोर्टार राउंड, एक मध्यम आकार का मोर्टार राउंड, दो वायरलेस सेट (बाओफेंग निर्मित), दो बुलेटप्रूफ प्लेट, आठ चेस्ट पोस्ट / वेस्ट, एक टैक्टिकल हेलमेट और पांच राउंड 5.56 मिमी गोला-बारूद शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने लूटे गए या अवैध हथियारों के सरेंडर करने की समयसीमा एक सप्ताह बढ़ा दी है, लेकिन कूकी बहुल इलाकों से हथियारों को सरेंडर नहीं किया जा रहा है। इसी बीच शुक्रवार को इंफाल ईस्ट में एक मंदिर पर गोलीबारी की घटना से फिर तनाव बढ़ गया है, लेकिन सुरक्षा बलों का अभियान जारी है। एक अन्य अभियान के तहत मणिपुर पुलिस ने लामसांग क्षेत्र से केसीपी (पीडब्ल्यूजी) संगठन के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है । इस पर आम जनता से जबरन वसूली का आरोप है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मयांगलंबम प्रेमकुमार सिंह ( 27 ) उर्फ मनाओ, निवासी काचिखुल मामंग लाइकाई, इंफाल वेस्ट जिला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन, एक ब्राउन वॉलेट, जिसमें 240 रुपए नकद, आधार कार्ड और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है।
