
सोनीपत (हिंस) । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने महिलाओं को बधाई देते हुए जोर देकर कहा कि महिला सशक्तिकरण की जिम्मेदारी खुद महिलाओं को उठानी होगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को एकजुट होकर अपने अधिकारों और प्रगति के लिए प्रयास करने होंगे। आज महिलाएं सशक्त हैं और निरंतर मजबूती के साथ आगे बढ़ रही हैं, लेकिन अब भी कुछ क्षेत्रों में सशक्तिकरण की जरूरत है, जिसके लिए महिलाओं को ही पहल करनी होगी। शनिवार को जटवाड़ा स्थित स्वास्तिक कॉन्वेंट स्कूल आयोजित एक कार्यक्रम में महिलाओं को संबोधित करते हुए कविता जैन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी लोगों की मानसिकता को बदलने की आवश्यकता है। कई जगहों पर आज भी महिला – पुरुष के बीच भेदभाव किया जाता है और लड़कियों को लड़कों के समान अवसर नहीं मिलते। इस भेदभाव को जड़ से समाप्त करना बेहद जरूरी है। महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी काबिलियत साबित की है।
