प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा को अणुव्रत पुरस्कार भेंट किया

बीकानेर (हिंस)। अणुव्रत विश्व भारती द्वारा दिये जाने वाले प्रतिष्ठित अणुव्रत पुरस्कार वर्ष 2023 के लिए प्रसिद्ध उद्योगपति व समाज सेवी रतन टाटा को मुंबई स्थित उनके आवास पर भेंट किया गया। अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के अध्यक्ष अविनाश नाहर के साथ वहां पहुंचे प्रतिनिधि मंडल ने रतन टाटा को पुरस्कार स्वरूप स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र सहित 1.51 लाख की राशि भेंट की। इस अवसर पर अणुविभा के महामंत्री भीखम सुराणा, मुंबई कस्टम कमिश्नर अशोक कुमार कोठारी, अणुविभा उपाध्यक्ष विनोद कुमारी व सहमंत्री मनोज सिंघवी उपस्थित थे । अणुविभा अध्यक्ष नाहर ने टाटा को अणुव्रत पुरस्कार सौंपते हुए मानव जाति को उनके सकारात्मक योगदान की प्रशंसा की एवं दुनिया में मानवीयता का एक श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत करने के लिए सम्पूर्ण अणुविभा परिवार की ओर से बधाई ज्ञापित की। उन्होंने बताया कि अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य महाश्रमण ने टाटा के प्रति अपनी मंगल कामनाएं प्रेषित की हैं व उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है। टाटा ने अणुव्रत अनुशास्ता के प्रति अपना हार्दिक आदर व सम्मान व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि 75 वर्षों से गतिमान अणुव्रत आंदोलन मानवीय एकता, नैतिकता, अहिंसा व सद्भावना के क्षेत्र में विशद कार्य कर रहा हैं। आचार्य तुलसी द्वारा प्रणीत यह आंदोलन संयुक्त राष्ट्र तक अपनी विशेष पहचान स्थापित कर चुका है। अणुव्रत पुरस्कार की श्रृंखला में अभी तक देश के गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया गया है, जिनमें आत्माराम, जैनेन्द्र कुमार, शिवाजी भावे, शिवराज पाटिल, नीतिश कुमार, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, डॉ. मनोहन सिंह, टीएन शेषन, प्रकाश आमटे इत्यादि शामिल है।

प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा को अणुव्रत पुरस्कार भेंट किया
Skip to content