
मोरीगांव (हिंस) । असम के मोरीगांव जिले में पुलिस अधिकारी से दुर्व्यवहार और शारीरिक हमला करने के आरोप में कथित राजनीतिक कार्यकर्ता रफीकुल इस्लाम को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि आरोपी भूरागांव इलाके का भाजपा कार्यकर्ता बताया जाता है। मामला 24 फरवरी की शाम का है, जब पुलिस अधिकारी देवजीत सैकिया ने एक महिला आरोपी को पूछताछ के लिए थाने में बैठाया था। इसी दौरान करीब 840 बजे बहारुल इस्लाम और फरीद उद्दीन के नेतृत्व में कुछ लोग थाने पहुंचे और अधिकारी से बहस करने लगे। इस दौरान उन्होंने धक्का-मुक्की भी की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इसी बीच, कुछ अज्ञात लोगों के साथ रफीकुल इस्लाम भी थाने पहुंचा। उसने पुलिस कर्मी के विरोध के बावजूद अंदर घुसकर अधिकारी देवजीत सैकिया से बहस की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा, थाने की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी की गई।
