
नई दिल्ली। भारतीय हॉकी टीम के प्रसिद्ध खिलाडी मनदीप सिंह जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। पंजाब के जालंधर निवासी मनदीप की जीवनसंगिनी ओलंपियन खिलाड़ी उदिता दुहान बनेंगी। उदिता हरियाणा के हिसार जिले की रहने वाली हैं और भारतीय महिला हॉकी टीम का हिस्सा रही हैं। शादी 21 मार्च को जालंधर के मॉडल टाऊन स्थित श्री गुरुद्वारा सिंह सभा में होगी। दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे हैं और शादी के कार्ड भी बांटे जा रहे हैं। 21 मार्च को सुबह 8 बजे, मनदीप सिंह और उदिता दुहान की बारात श्री गुरुद्वारा साहिब जाएगी, जहां सुबह 9 बजे ‘आनंद कारज’ की रस्म होगी। दोनों परिवारों के सदस्य, रिश्तेदार और करीबी दोस्त शामिल होंगे। इसके बाद 22 मार्च को जालंधर में एक भव्य रिसेप्शन पार्टी होगी, जिसमें भारतीय हॉकी टीम के कई प्रमुख खिलाड़ी, पुलिस अधिकारी और राजनेता शामिल होंगे। शादी से पहले 19 मार्च 2025 को डीजे पार्टी होगी, जिसमें भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी और परिवार के सदस्य मौजूद होंगे। बता दें उदिता दुहान ने भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए 2017 में सीनियर स्तर पर डेब्यू किया था। उदिता ने अपनी जबरदस्त प्रदर्शन से टीम को कई महत्वपूर्ण जीत दिलाई है। उन्होंने 2018 एशियाई खेलों में भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता था। 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स में टीम को ब्रॉन्ज मेडल दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 2023 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भी वह गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा रही थीं।
