ड्रग्स, रेप, डकैती बंद होगी तो
एनकाउंटर भी होगा बंद : डॉ. शर्मा

ड्रग्स, रेप, डकैती बंद होगी तो एनकाउंटर भी होगा बंद : डॉ. शर्मा

गुवाहाटी (हि.स.)। यदि सकारात्मक सोच हो तो सब कुछ अच्छा ही लगेगा। अगर विरोध करने की ही मानसिकता हो तो उल्टा लगेगा। वर्तमान में अब आंदोलन, धरना, प्रदर्शन नहीं है। बोडोलैंड में 2 साल में कोई गोली नहीं चली। बंदूक खरीदने के बजाज बंदूक जमा करने का समय है। यह हमें तय करना है कि शांति चाहिए, विकास चाहिए, रोजगार चाहिए या नहीं। मई महीने के भीतर एक लाख नौकरी पूरी हो जाएगी। असम में 12 लाख 36 हजार 299 बेरोजगार हैं। उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में 5 साल में दो लाख नौकरी हुई है। हम एक साल में एक लाख दे रहे हैं। असम में नौकरी में कोई भ्रष्टाचार नहीं, योग्यता के आधार पर नौकरी मिल रही है। ये बातें बजट सत्र के चौथे दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि एपीएससी में पहले एक करोड़ रुपए की रिश्वत पर नौकरी मिलती थी। सब बंद हो गया। हमने चुनाव में वादा किया था कि एक लाख नौकरी और दो लाख स्वरोजगार देंगे, उसे पूरा करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाचित बरफुकन हमारे लिए गौरव की बात हैं। जिस प्रकार महाराष्ट्र के लिए शिवाजी, गुजरात के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल, उसी प्रकार असम के लिए लाचित बरफुकन हैं। स्वाधीनता के 75 वर्ष बाद दुनिया के समक्ष लाचित बरफुकन और बिहू को ले जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चराईदेव को वल्र्ड हेरिटेज के लिए नामांकित किया है। अब से पहले किसी ने यह काम नहीं किया। यह दल की बात नहीं, राष्ट्रीय चेतना का विषय है। आगामी 14 अप्रैल को बोहाग बिहू को पूरे भारत के समक्ष मनाया जाएगा। इसे दुनिया के सामने ले जाएंगे। असम की परंपरा को दुनिया के सामने ले जाने का हमने संकल्प लिया है। इसमें कोई विरोधी सामने नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि हम असम के कर्मचारियों को महीने की 1 तारीख को वेतन दे सकते हैं। लोग कह रहे हैं कि सरकार ने कर्ज लिया है, तो सवाल उठता है कि कर्ज किसे मिलता है, जो लौटा सकता है। आरबीआर्ई ने हमें 22 हजार करोड़ कर्ज लेने के लिए कहा था लेकिन हमने 19 हजार करोड़ ही लिया। मध्य प्रदेश सरकार ने असम की दो योजनाओं का अनुकरण किया है। इसमें अरुणोदय योजना भी शामिल है। हम जीडीपी में 3 साल के भीतर पंजाब को पीछे छोड़ देंगे। मैं पूरे दायित्व के साथ बता रहा हूं कि हाई कोर्ट ने हमारे खिलाफ आज तक एक भी नेगेटिव कमेंट नहीं किया है। असम में 2020 में 29 हजार अपराध महिलाओं के विरुद्ध दर्ज हुए थे जबकि 2022 में मात्र 12 हजार दर्ज हुए। उन्होंने कहा कि असम में अपराध 50 प्रतिशत कम हो गया है। नलबाड़ी मेडिकल कॉलेज रिकॉग्नाइज हो गया है। इस साल 4 मेडिकल कॉलेज स्वीकृृत हुए हैं। 70 साल में तीन मेडिकल कॉलेज थे। मध्य प्रदेश, बिहार के समान असम में मेडिकल कॉलेज होने जा रहे हैं। डॉ. शर्मा ने कहा कि शिक्षा मंत्री रहते हुए हमने 10,000 से ज्यादा विद्यालयों का प्रादेशिकीकरण किया था। चाय बागानों में 100 हाई स्कूल खोले गए। विद्यालय बंद किए जाने के आरोप के संबंध में कहा कि विद्यालय बंद नहीं हुआ, एमालगेशन हुआ है। नजदीक में अलग-अलग विद्यालय हैं, जिनमें छात्र कम हैं, उनको एक साथ जोड़ा गया है। राज्य में 8 नए विश्वविद्यालयों का काम चल रहा है। मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण जितना असम में हो रहा है, उतना किसी राज्य में नहीं हो रहा है। असम के पर्यावरण को बचाने के लिए विद्युत उत्पादन न कर हम बिजली खरीद रहे हैं। राज्य में धान की खरीद बढ़ाई गई है। असमिया गमछा सरकार खरीद रही है। इसके जरिए राज्य के हस्ततांत क्षेत्र को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले वर्ष में बसुंधरा योजना से सात लाख जबकि इस साल दस लाख लोगों ने जुडऩे के लिए आवेदन किया है। हम अपना घर के साथ अपना वाहन सरकारी कर्मचारियों के लिए शुरू करने जा रहे हैं। जिन लोगों ने हमें विधानसभा भेजा है, उनको अरुणोदय चाहिए। 5 साल के कार्यकाल में संपूर्ण बीपीएल को अरुणोदय के अंतर्गत ले आएंगे। दरिद्रता को समाप्त करने के लिए हम सभी प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राशन कार्ड, अरुणोदय, हेल्थ इंश्योरेंस, घर, बिजली सबके पास हो यह हमारा लक्ष्य है। डॉ. शर्मा ने कहा कि फॉरेस्ट एरिया में वही व्यक्ति रह सकता है जो ट्राइबल हो या तीन चार पीढ़ी से रहता हो।

Skip to content