डॉ. हिमंत विश्व शर्मा पार्ट टाइम मुख्यमंत्री : भूपेन बोरा

लखीमपुर ( हिंस) । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने आरोप लगाया है कि असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा एक पार्ट टाइम मुख्यमंत्री हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जून माह से लेकर अबतक मुख्यमंत्री का आधा समय झाड़खंड राज्य में बीता है। उन्होंने कहा कि झाड़खंड का डॉ. शर्मा को प्रभारी बनाए जाने के दो कारण हैं। पहला कारण तो यह कि वे काफी नीचे उतरकर अमर्यादित तरीके से सांप्रदायिक बातें बोल सकते हैं। दूसरा कारण यह है कि डॉ. शर्मा को जहां तक हो सके नीचे उतरकर तोड़-फोड़ करके सत्ता हासिल करने में महारत हासिल है। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि डॉ. शर्मा को भ्रष्टाचार करने का लाइसेंस दिया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 13 वर्षों तक असम में असम समझौता क्रियान्वयन मंत्री, शिक्षा मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री आदि पदों पर रहते हुए उन्होंने कुछ भी काम नहीं किया। आज भी छह जनजातियों के जनजातिकरण से संबंधित मुद्दा लंबित है। इससे संबंधित जस्टिस बिप्लब शर्मा कमेटी की रिपोर्ट को उन्होंने दबाकर रखा है। हर तरफ राज्य में अराजक स्थिति बनी हुई है, लेकिन मुख्यमंत्री अपने दिल्ली के आकाओं को खुश करने के लिए झाड़खंड में अपना समय व्यतीत कर रहे हैं। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा पर कई आरोप लगाए ।

डॉ. हिमंत विश्व शर्मा पार्ट टाइम मुख्यमंत्री : भूपेन बोरा
Skip to content