टीम इंडिया की नई प्रैक्टिस जर्सी देख ममता ने लगाया भगवाकरण का आरोप

टीम इंडिया की नई प्रैक्टिस जर्सी देख ममता ने लगाया भगवाकरण का आरोप

कोलकाता । भारतीय क्रिकेट टीम की प्रैक्टिस जर्सी के रंग को देखकर ममता बनर्जी नाराज हैं । उन्होंने इसमें बदलाव को भाजपा का सियासी कदम करार दिया है। उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर देश के सबसे लोकप्रिय खेल का भगवाकरण करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसको लेकर अपनी असहमति व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरे देश को भगवा रंग में रंगने की कोशिश कर रहे हैं। हमें अपने भारतीय खिलाड़ियों पर गर्व है और मुझे विश्वास है कि वे विश्व कप में विजेता होंगे, लेकिन भाजपा वहां भी भगवा रंग लेकर आए और हमारे लड़के अब भगवा रंग की जर्सी में अभ्यास करते हैं । मेट्रो स्टेशनों को भगवा रंग से रंग दिया गया है। यह अस्वीकार्य है। मध्य कोलकाता के पोस्ता बाजार में जगद्धात्री पूजा की शुरुआत के मौके पर बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने न केवल क्रिकेट टीम की जर्सी में बल्कि मेट्रो स्टेशनों की पेंटिंग में भी भगवा रंग जोड़ दिया है। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती पर भी कटाक्ष किया जिन्होंने अपनी मूर्तियां लगवाई थी। भाजपा पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र देश की जनता का है, न कि केवल एक पार्टी की जनता का। वहीं उनकी टिप्पणी पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने कहा कि कुछ दिनों के बाद वह सवाल कर सकती हैं कि हमारे राष्ट्रीय ध्वज में भगवा रंग क्यों है। हम ऐसे बयानों पर प्रतिक्रिया देना भी उचित नहीं समझते हैं। ममता ने आगे कहा कि आप चीजों का नाम गुजरात, उत्तर प्रदेश या दक्षिण भारत के दिवंगत राजनीतिक नेताओं के नाम पर रख सकते हैं। मुझे इससे कोई समस्या नहीं है। लेकिन कुर्सी आती है और चली जाती है लेकिन लोगों के दिलों में रहना चाहिए।

Skip to content