कांग्रेस की सरकार बनने पर प्रदेश में होंगे चार उपमुख्यमंत्री : हुड्डा

कांग्रेस की सरकार बनने पर प्रदेश में होंगे चार उपमुख्यमंत्री : हुड्डा

चंडीगढ़ (हिंस ) । हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर चार उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे। हुड्डा के इस बयान से पार्टी में नया विवाद खड़ा हो गया है। तीन दिन पहले एक कार्यक्रम में हुड्डा ने एक ब्राह्मण को उपमुख्यमंत्री बनाने का ऐलान करके पार्टी में अपने विरोधियों को नया मुद्दा दे दिया था। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान हरियाणा में नौ विधायकों को मुख्य संसदीय सचिव बनाया गया था। बाद में हाई कोर्ट ने संसदीय सचिव के पद को अमान्य करार दिए जाने के बाद सरकार को उन्हें पद से हटाना पड़ गया था। मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि यह पार्टी हाई कमान से स्वीकृत फार्मूला है। वर्ष 2019 में यह बात कही गई थी। उन्होंने दोहराया कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री के अलावा ब्राह्मण, दलित, ओबीसी और सामान्य श्रेणी से एक - एक विधायक को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। हुड्डा ने कहा कि इस फार्मूले को गलत तरीके से प्रचारित करने की बजाए यह माना जाए कि कांग्रेस पार्टी प्रत्येक जाति के लोगों को प्रतिनिधित्व देती है । उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा ही छत्तीस बिरादरी के लोगों के आवाज को उठाया है। ऐसे में सत्ता में आने पर सभी छत्तीस बिरादरी के लोगों को सत्ता में भागीदार बनाया जाएगा।

Skip to content