इंफाल में जबरन वसूली मामलों में सात उग्रवादी गिरफ्तार

इंफाल ( हिंस) । सुरक्षा बलों द्वारा मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में आज प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। इंफाल पश्चिम जिले के पुलिस अधीक्षक के शिवकांत सिंह ने मीडिया को बताया कि लैंगोलगेम गांव में प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (नोंगड्रेनखोम्बा) के कैडरों की मौजूदगी के बारे में गुप्त सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक महिला सहित संगठन के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान एल एलिन (26), के रोहित सिंह (23), संजू डब्ल्यू (20), पी थोइबा (26), डब्ल्यू हीरो ( 21 ), वाई विकास (23) और हेंथोइबी एम (41) के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियान के दौरान अधिकारियों ने दो चार पहिया वाहन, एक दोपहिया वाहन, दो पिस्तौल और छद्म वर्दी बरामद भी की है। उन्होंने कहा कि जबरन वसूली की गतिविधियां बढ़ी हैं। इनके विरुद्ध लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर करना शुरू कर दिया है। पुलिस सक्रिय रूप से स्थिति पर नजर रख रही है। ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां लोगों ने विभिन्न कारणों से जबरन वसूली की जानकारी पुलिस को नहीं दी। उन्होंने कहा कि बीते चार-पांच दिनों में जबरन वसूली से जुड़े मामलों में इंफाल पश्चिम जिला पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि कुछ खास व्यक्तियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) भी लगाना शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को मामलों की सिफारिश करना शुरू करेंगे। उन्होंने लोगों से जबरन वसूली के बढ़ते मामलों से निपटने के लिए पुलिस को समय पर जानकारी देने का आग्रह किया ।

इंफाल में जबरन वसूली मामलों में सात उग्रवादी गिरफ्तार
Skip to content