आओ मिलकर करें अजमेर में पर्यटन विकास : देवनानी

अजमेर ( हिंस)। अजमेर की ऐतिहासिक आनासागर झील में अब मुंबई के समुद्र की सैर का सा अहसास होगा। देसी व विदेशी पर्यटकों को डबल डेकर क्रूज में बैठ कर अजमेर के आनासागर झील में सैर का लुत्फ मिलेगा। पर्यटन प्रेमी सैलानियों के लिए आनासागर झील में डबल डेकर क्रूज में बैठ कर चाय की चुसकी लेने की शुरुआत हो चुकी है। यह राजस्थान और देश का पहला इलेक्ट्रिक क्रूज है। शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत, और मेयर ब्रजलता हाड़ा सहित अन्य अतिथियों ने इसका विधिवत उद्घाटन किया। इस क्रूज के माध्यम से अजमेर में पर्यटन व्यवसाय का विकास होगा। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भी क्रूज का उद्घाटन करते हुए कहा कि आओ मिलकर अजमेर में पर्यटन उद्योग का विकास करें। उन्होंने इस मौके पर क्रूज के मालिक और संचालक जे पी दाधीच, सरदार रणवीर सिंह खुराना और उनकी टीम व नगर निगम के अधिकारियों को बधाई दी। देवनानी ने कहा कि अजमेर के विकास में अड़ंगे लगाने वालों को इस क्रूज के झील में संचालन से सीधा संदेश मिल गया होगा। अजमेर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ गया है। यहां पर्यटन उद्योग की विपुल संभावना है। इस क्रूज के कारण सैलानियों को अजमेर की ऐतिहासिक आनासागर झील में सैर सपाटा करने यहां की अरावली पहाड़ियों का मनभावन नजारा देखने का मौका मिलेगा। गौरतलब है कि नगर निगम ने इस क्रूज के संचालन का ठेका गीता मार्बल प्राइवेट लिमिटेड को 67 लाख रुपए सालाना में दिया है, जिसमें हर साल 10 प्रतिशत वृद्धि की प्रक्रिया भी रखी गई है। क्रूज के निर्माण पर लगभग पांच करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। इस क्रूज से पर्यटक आनासागर झील में 45 मिनट का राउंड ले सकते हैं, जिसका प्रति व्यक्ति शुल्क 300 रुपए रखा गया है। साथ ही, इसे निजी पार्टियों और सेलिब्रेशन के लिए भी बुक किया जा सकता है। इस क्रूज का निर्माण गोवा की बोट क्राफ्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा किया गया है, जो इसे विशेष बनाता है। क्रूज का संचालन करने वाली संस्था के जेपी दाधीच ने बताया कि क्रूज के प्रथम और द्वितीय तल पर 75-75 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। छत पर खुले रेस्टोरेंट का आनंद लिया जा सकता है । क्रूज के सफर के लिए वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग भी करवाई जा सकती है।

आओ मिलकर करें अजमेर में पर्यटन विकास : देवनानी
Skip to content