मध्य प्रदेश में आदिवासियों पर सर्वाधिक अत्याचार : प्रियंका गांधी

मध्य प्रदेश में आदिवासियों पर सर्वाधिक अत्याचार : प्रियंका गांधी

मंडला, (हि.स.) । कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के मंडला जिले के रामनगर में कांग्रेस की जनाक्रोश यात्रा के दौरान सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आदिवासियों-महिलाओं पर अत्याचार और घोटालों को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा की 225 महीनों की सरकार है। इस दौरान ढाई सौ घोटाले हुए हैं। प्रदेश में आदिवासियों पर जो अत्याचार हो रहे हैं, उसका कोई मुकाबला नहीं है। प्रियंका ने जनसभा में जय जोहार, जय सेवा, जय रानी दुर्गावती, हर-हर नर्मदे के जयघोष के साथ अपना भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा कि जल जंगल जमीन के आप अधिकारी हैं। यह अधिकार आपको मिलना चाहिए। उनके अधिकारी हमारे आदिवासी भाई बहन हैं। हमारी संस्कृति का विकास कैसे होगा ? हमारी संस्कृति आगे कैसे बढ़ेगी ? हमारी संस्कृति की सुरक्षा कैसे की जाएगी? यह आपको सोचना है । मैं आपसे वोट नहीं आपकी जागरुकता मांगती हूं जिस दिन आप लोग जागरूक हो जाएंगे आप सही गलत का सही निर्णय कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने पंचायत को ताकतवर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए मनरेगा शुरू किया । पलायन रोकने के लिए मनरेगा शुरू किया, ताकि ग्राम के बेरोजगारों को मनरेगा के जरिए रोजगार मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने मनरेगा के कार्य बंद करवा दिए। मनरेगा को पैसा भिजवाना बंद कर दिया। मनरेगा के कई काम रोक दिए गए और हमारे गांव के आदिवासी ग्रामीण बेरोजगार हो गए और घर परिवार छोड़कर पलायन करने को विवश हुए। प्रियंका ने कहा कि महिलाएं दिन-रात सूरज में तपते पत्ता बीनकर घर लाती हैं, लेकिन उसके भुगतान में भी भ्रष्टाचार किया गया। यहां तो धान का बोनस भी नहीं दिया गया। तेंदूपत्ता पर बोनस देने का काम इंदिरा गांधी ने शुरू किया था। आज भाजपा आपको चप्पल दे रही है, छाते दे रही है, जूते दे रही है, लेकिन आपको आपका हक बोनस नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में 67 वन उपज के लिए सही दाम मिल रहा है। मध्य प्रदेश में तो धन और तेंदू पत्ता का बोनस नहीं मिल रहा है। मध्य प्रदेश में सरकार बनी तो तेंदूपत्ता के प्रति बोरे पर 4000 रुपये का बोनस दिया जाएगा। प्रियंका ने कहा कि यहां व्यापमं घोटाले हो गए कितने लोग मर गए कोई जांच पड़ताल नहीं हुई। महाकाल में घोटाला हो गया, नर्मदा नगरी में घोटाला हो गया। बीते 10 साल में मंडला - जबलपुर की सड़क नहीं बन पाईं। सड़क बनाने वाले परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को यहां आकर माफी मांगनी पड़ती है। ऐसी सरकार चल रही है । इन्होंने महंगाई को कम करने का काम किया क्या। छोटे दुकानदारों से पूछो 18 साल में क्या उनका व्यापार बढ़ा ? हर चीज पर जीएसटी ले रहे हैं। एक तरफ रोजगार बंद दूस- री तरफ भ्रष्टाचार और महंगाई इतनी बढ़ गई है आप गुजारा कैसे करते हैं। प्रियंका ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर 100 यूनिट बिजली माफ होगी। 200 बिजली यूनिट हाफ होगी । रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपये में मिलेगा। पुरानी पेंशन योजना लागू होगी।

Skip to content