
गुवाहाटी (हिंस) । असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा ने राज्य सरकार के बजट और वित्तीय प्रबंधन को लेकर निराधार आरोप लगाए हैं। भाजपा का कहना है कि भूपेन बोरा के झूठे दावों के विपरीत, असम की आर्थिक विकास दर में कोई गिरावट नहीं आई है। बल्कि, भाजपा सरकार की स्थिर और दूरदर्शी नीतियों के चलते असम का सकल राज्य घरेलू उत्पाद कांग्रेस शासन के दौरान 1.50 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर आज 6.50 लाख करोड़ रुपए हो गया है। भाजपा ने दावा किया कि बीते नौ वर्षों में भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी राजस्व प्रणाली के चलते असम की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के कुशल नेतृत्व में असम का पूंजीगत व्यय ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गया है। भाजपा असम प्रदेश के प्रवक्ता सुभाष दत्ता ने आज एक बयान में भूपेन बोरा के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों की तुलना में असम की वित्तीय स्थिति कहीं अधिक सुदृढ़ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान बर्बाद हुई असम की अर्थव्यवस्था को स्थिर करना भाजपा सरकार के लिए बड़ी चुनौती थी, लेकिन केवल आठ वर्षों में असम के जीएसडीपी में पांच लाख करोड़ रुपए की वृद्धि हुई, जो मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की दूरदर्शी नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन के कारण संभव हुआ । सुभाष दत्ता ने भूपेन बोरा पर राज्य की वित्तीय स्थिति को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए इसे नकारात्मकता फैलाने की एक विफल कोशिश करार दिया । उन्होंने बताया कि कांग्रेस शासन में असम का पूंजीगत व्यय मात्र 4,500 करोड़ रुपए था, जबकि इस वर्ष यह 25,000 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है। यही कारण है कि कांग्रेस नेता असम की प्रगति से निराश और हताश हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस शासित राज्यों की वित्तीय बदहाली का भी जिक्र किया उन्होंने कहा कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर छह लाख करोड़ रुपए का कर्ज है। हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार एक लाख करोड़ रुपए के कर्ज में डूबी हुई है। तेलंगाना की कांग्रेस सरकार पर 3.90 लाख करोड़ रुपए का कर्ज है। इसके बावजूद, असम कांग्रेस के नेता तथ्यों को तोड़ मरोड़कर पेश कर रहे हैं और झूठा प्रचार कर रहे हैं कि केवल असम सरकार कर्ज ले रही है । सुभाष दत्ता ने इस राजनीतिक पाखंड की निंदा करते हुए कहा कि असम सरकार ने प्रत्येक वर्ष अपने राजकोषीय घाटे को कम किया है। उन्होंने कहा कि असम सरकार द्वारा लिए गए ऋणों का निवेश रणनीतिक रूप से पूंजीगत व्यय में किया जा रहा है, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है और एसजीडीपी में वृद्धि हो रही है। सुभाष दत्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में असम विकास के पथ पर अग्रसर है और कांग्रेस की झूठी प्रचार नीति जनता को गुमराह करने में असफल रहेगी। असम प्रदेश भाजपा के बयान में कांग्रेस नेताओं पर मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के खिलाफ व्यक्तिगत हमले करने का भी आरोप लगाया गया और इसे हताशा व राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया । बयान में कहा गया कि असम की जागरूक जनता कांग्रेस की इस तरह की झूठी रणनीतियों को पहले भी नकार चुकी है और आगे भी नकारती रहेगी। भाजपा ने कांग्रेस नेताओं को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त कांग्रेस नेता जब नैतिकता की बातें करते हैं, तो यह केवल ढोंग और पाखंड के अलावा कुछ नहीं होता।
