नेपाल में 24 घंटे के भीतर तस्करी करके लाया गया 30 किलो सोना बरामद

नेपाल में 24 घंटे के भीतर तस्करी करके लाया गया 30 किलो सोना बरामद

- सोने की बरामदगी के अलग-अलग मामलों में कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया काठमांडू, 10 दिसम्बर (हि.स.)। नेपाल में 24 घंटे के भीतर तस्करी करके लाया गया 30 किलो सोना बरामद किया गया है। इसमें से 14 किलो सोना दुबई से विमान के जरिये और 2 किलो चीन से सड़क मार्ग के रास्ते लाया गया था। 6 किलो सोना इजिप्ट के नागरिक के पास से त्रिभुवन विमानस्थल पर बरामद किया गया। इसी नागरिक की निशानदेही पर काठमांडू के न्यूरोड की एक दुकान से तस्करी करके लाया गया 8 किलो सोना बरामद किया गया है। सोने की बरामदगी के इन अलग-अलग मामलों में कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। नेपाल में गुरुवार की मध्यरात्रि को दुबई से लाया गया 14 किलो सोना पकड़ा गया। यह सोना दुबई से एक फ्लाइट के जरिये देर रात 11:56 बजे काठमांडू विमानस्थल पर लाया गया था। पुलिस ने नेपाली नागरिक मीन बहादुर घलो को गिरफ्तार किया था। बाद में पुलिस ने उसके एक और सहयोगी को काठमांडू से गिरफ्तार किया था। सोने की इस तस्करी में अभी पुलिस की तलाशी और छापेमारी पूरी भी नहीं हुई थी कि शुक्रवार को चीन से सड़क मार्ग से लाया गया 2 किलो सोना पकड़ा गया। काठमांडू रेंज के पुलिस एआईजी दीपक थापा ने बताया कि चीन से नेपाल के रसुवा नाका होते हुए लाए गए 2 किलो सोने को काठमांडू के नागढुंगा प्रवेश नाका से बरामद किया गया है। साथ ही पुलिस ने तस्करी के आरोप में रसुवा के ही ग्यालसिंग तामांग, विरू तामांग और सुनील भुजेल को गिरफ्तार किया है। त्रिभुवन विमानस्थल के सुरक्षा प्रमुख डीआईजी अर्जुन चन्द ठकुरी ने बताया कि शुक्रवार की रात काठमांडू के त्रिभुवन अन्तरराष्ट्रीय विमानस्थल से एक व्यक्ति को 6 किलो सोने के साथ गिरफ्तार किया गया। नियमित जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए इजिप्ट के नागरिक शेरीफ मोहम्मद लाशिन के जैकेट में फॉल्स बटन के भीतर से सोना बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि सोना को गलाकर पेस्ट के रूप में लाया गया था। डीआईजी ठकुरी ने बताया कि पकड़े गए इजिप्ट के नागरिक मोहम्मद लाशिन और सुडान के नागरिक मोहम्मद उस्मान को भी हिरासत में लेकर दोनों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि इजिप्ट के नागरिक मोहम्मद लाशिन की निशानदेही पर शुक्रवार दोपहर को ही काठमांडू के न्यूरोड के एक दुकान से पुलिस ने तस्करी कर लाए गए 8 किलो सोना बरामद किया। तस्करी का सोना खरीदने के आरोप में दुकान के मालिक पदम प्रसाद पाण्डे को भी गिरफ्तार किया गया है।

Skip to content