झांसी के समथर में अवैध पटाखा फैक्टरी में विस्फोट, छह मजदूर झुलसे

झांसी (हिंस)| उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के समथर थाना क्षेत्रान्तर्गत खेत में चल रही अवैध पटाखा फैक्टरी में आज दोपहर जोरदार धमाका हो गया। इस धमाके में कम से कम छह लोग झुलस गए। ये सभी मजदूर हैं, जो उस समय वहां काम कर रहे थे। सभी को उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है । समथर थाना क्षेत्र में मुगयाना मोहल्ला स्थित पहाड़पुरा तिराहे पर खेत में अरमान की कोठी पर अवैध रूप से संचालित हो रही पटाखा फैक्टरी में पटाखा निर्माण किया जा रहा था। बताया गया है कि यह पटाखा फैक्टरी एक नामचीन पटाखा व्यापारी के भाई की है और वह अवैध रूप से पटाखा निर्माण करवा रहा था। दोपहर को अचानक फैक्टरी के अंदर से जोरदार धमाके की आवाज आई और आग लग गई। इससे वहां पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन में आग के बीच झुलसी अवस्था में कार्य करने वाली महिलाओं व अन्य लोगों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। बताया जा रहा है कि फैक्टरी मलिक ने केवल पटाखा बेचने का ही लाइसेंस लिया था। वहां अवैध तरीके से पटाखे बनाने का काम मजदूरों से कराया जा रहा था। धमाके की सूचना मिलने पर एसडीएम प्रदीप व सीओ मोंठ समेत कई थानों की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई। इस दौरान काफी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

झांसी के समथर में अवैध पटाखा फैक्टरी में विस्फोट, छह मजदूर झुलसे
Skip to content