चुनाव से पहले कामाख्या से आशीर्वाद लेकर गया था, जीतकर फिर से आया हूं : सैनी

गुवाहाटी (हिंस)। असम के दौरे पर आए हरियाणा के मुख्यमंत्री नयाब सिंह सैनी ने कहा है कि चुनाव से पहले मैंने कामाख्या में आकर माथा टेका था, चुनाव जीतकर फिर से माता के चरणों में आया हूं। प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन पहुंचने पर आज मुख्यमंत्री सैनी का पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सैनी को मुख्यमंत्री पद के लिए प्रदेश भाजपा ने बधाई दी है। पार्टी के सांगठनिक महासचिव जीआर रवींद्र राजू, असम सरकार के शहरी विकास, सिंचाई आदि मामलों के मंत्री अशोक सिंघल, हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल, गुवाहाटी जिला अध्यक्ष तपन दास, गुवाहाटी नगर निगम के मेयर मृगेन शरनिया और पार्टी कार्यकर्ता इस दौरान उपस्थित थे। भाजपा मुख्यालय पहुंचने से पहले सैनी ने आज सुबह मां कामाख्या का दर्शन कर आशीर्वाद लिया। अपने संबोधन में नवाब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व के कारण ही हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की जीत संभव हो पाई है। भाजपा की जीत का मतलब कार्यकर्ताओं की जीत है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन के दौरान असम में बड़े पैमाने पर विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्होंने 2014 से पहले के असम और 2024 के असम के बीच आकाश- पताल का अंतर देखा है। हरियाणा प्रदेश के सांगठनिक महासचिव फणींद्र नाथ शर्मा के संदर्भ में उन्होंने कहा कि यहां से फणि शर्मा को ले गए थे और जीआर रविंद्र राजू को यहां दे गए थे। उन्होंने कहा कि फणि शर्मा ने पार्टी में दिन-रात मेहनत की है। उन्होंने हरियाणा में कमल की खेती में फूल खिला दिए हैं। फणि शर्मा तीसरी बार सरकार लेकर आए हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि उन्होंने पिछले चुनावों के दौरान मंत्रियों- चंद्रमोहन पटवारी और अशोक सिंघल के साथ असम में काम किया है।

चुनाव से पहले कामाख्या से आशीर्वाद लेकर गया था, जीतकर फिर से आया हूं : सैनी
Skip to content